कटरा की गलियों में घूमकर बनाए थे सदस्य

(खरी कसौटी संवाद)
शाहजहांपुर। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भाजपा सदस्यता अभियान के दौरान शाहजहांपुर में कई घंटे रुके थे। मीरानपुर कटरा की गलियों में घूमकर घर-घर जाकर सदस्य बनाए थे। एक दुकानदार को सदस्य बनाने के दौरान अपना मोबाइल फोन नंबर भी दिया था। गुजरात के अहमदाबाद में बृहस्पतिवार को विमान हादसे में उनके निधन की खबर के बाद स्थानीय नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की है। भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी को बरेली मंडल का क्षेत्र दिया गया था। 19 सितंबर 2024 को बरेली में कार्यक्रम निपटाने के बाद दोपहर में वह मीरानपुर कटरा पहुंचे थे। यहां भाजपा के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया था। भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष अंशुल गुप्ता के आवास पर बैठक में संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया था। इसके बाद कटरा की गलियों में घर-घर जाकर सदस्यता अभियान को गति दी थी। पूर्व मुख्यमंत्री होने के बावजूद सौम्य स्वभाव के रुपाणी के साथ कार्यकर्ताओं ने खूब फोटो खिंचवाए थे। भाजपा नेता पवन सिंह ने बताया कि जिस गली में विजय रूपाणी का कार्यक्रम था। वहां काफी अच्छी सजावट कराकर ढोल का इंतजाम कराया था। व्यवस्था देखकर पूर्व मुख्यमंत्री काफी खुश हो गए थे। कहा था कि यहां के पार्टी के कार्यकर्ता काफी अच्छे हैं। इसके बाद रेती रोड स्थित कार्यालय में बैठक कर सदस्य भी बनाए थे। पवन सिंह बताते हैं कि विजय रुपाणी के आकस्मिक निधन से पार्टी को काफी क्षति हुई है। वह सौम्य स्वभाव होने के साथ ही अच्छे रणनीतिकार भी थे।