(खरी कसौटी संवाद)
तिलहर/शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के एक मेडिकल कॉलेज में छात्राओं से छेड़खानी के आरोपी डॉक्टरों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोप है कि रैगिंग करते हुए मुर्गा बनाकर घुटनों के बल चलवाकर गाली-गलौज और छेड़खानी की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले डॉक्टर ने तीन छात्राओं समेत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कॉलेज की छात्राओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट और एसपी आफिस पहुंचकर डॉक्टरों पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए सांकेतिक प्रदर्शन किया था। एसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इसमें बताया कि 24 मई को कक्षाओं में शिक्षण कार्य के बाद आराम करने पहुंचने पर डॉ. गार्गी ने नाराजगी जताई। तभी डॉ. गागी रेड्डी, कृष्णा रेड्डी, डॉ. शिवम, डॉ. सीताराम व डॉ. विपुल आ गए और गाली-गलौज करते हुए रैगिंग करने लगे। लड़कियों को मुर्गा बनाकर घुटनों के बल चलवाया और छेड़खानी की। विरोध पर गालीगलौज की।
डर की वजह से छात्राएं रोने लगीं। बमुश्किल दरवाजा खोलकर जान बचाई। आरोप है कि डॉक्टर रात में शराब पीकर छात्राओं से अभद्रता करते हैं। मामले की शिकायत आरएन शुक्ला व डॉ. दीपक ओबराय से करने पर विभागीय जांच की बात कहकर टरका दिया। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।