वीडियो वायरल, विपक्ष हमलावर

अयाना/औरैया। जनपद के अयाना कस्बे में भारतीय सेना के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा उस समय विवादों में घिर गई जब भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया का एक कथित बयान और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में यात्रा के दौरान “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे विवादित नारे लगाए जाने का दावा किया जा रहा है, जिसने स्थानीय जनता के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी तूफान खड़ा कर दिया है।
यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की उपस्थिति में दिए गए इस बयान को लेकर कई लोग स्तब्ध हैं। इस घटना के तुरंत बाद सदर विधायक के हस्तक्षेप से स्थिति को संभालने की कोशिश की गई, जिसके बाद जिलाध्यक्ष ने अपने बोल सुधारे। हालांकि अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. कठेरिया किसी विवाद में फंसे हों। इससे पूर्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर दिए गए एक विवादित बयान को लेकर भी वे सुर्खियों में रहे थे। इस पूरे मामले ने विपक्षी दलों को भी भाजपा पर हमला करने का अवसर दे दिया है। सपा, कांग्रेस और अन्य दलों ने भाजपा नेतृत्व से जिलाध्यक्ष पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा तेजी से फैल रहा है और लोग पूछ रहे हैं कि “देश की सेना के सम्मान में निकाली गयी यात्रा में आखिर देश विरोधी नारे क्यों लगे? इस विवाद के बाद जनपद में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। लोग अब भाजपा जिलाध्यक्ष की स्पष्ट सफाई और प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।