पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि भारत की आर्थिक स्थिति श्रीलंका से भी ज्यादा खराब है। उन्होंने इस परेशानी पर चर्चा करने के लिए केंद्र से सर्वदलीय बैठक बुलाने की अपील की है। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रहे इजाफे पर केंद्र से सवाल किए। खास बात है कि श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे की सरकार अब तक के सबसे बड़े आर्थिक संकट का सामना कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘भारत की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। श्रीलंका में लोग विरोध के लिए सड़कों पर उतर आए हैं। आर्थिक स्थिति खराब है। भारत के आर्थिक हालात बदतर हैं।’ हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह श्रीलंका के साथ भारत की तुलना नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि केंद्र को सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए और केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल और जबरन लोकतंत्र को नियंत्रित करने के बजाय समाधान खोजना चाहिए कि इस संकट से कैसे पार होंगे।’
बीरभूम नरसंहार के पीड़ितों के परिवारों को नियुक्ति पत्र देने के बाद सीएम बनर्जी ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा, ‘कोई योजना नहीं है। ईंधन की कीमतें 13 दिनों में 11 बार बढ़ी हैं। प्रोविडेंट फंड पर ब्याज कम हो गया है। रेलवे से लेकर बैंक तक सबकुछ बिक गया है। कई राज्यों को उनके हिस्से का जीएसटी नहीं मिल रहा है।’