(खरी कसौटी संवाद)

शाहजहांपुर/रोजा। जनपद के रोजा थाना क्षेत्र में अटसलिया रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह हादसा हो गया। पंचर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से ट्रक की टक्कर लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के बाद हाईवे पर करीब आधा घंटे जाम की स्थिति बनी रही। संभल के कुछ मजदूर लखनऊ स्थित एक ईंट-भट्टा पर मजदूरी कर गुजरबसर करते हैं। बृहस्पतिवार रात सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर के लिए निकले थे। शुक्रवार की सुबह रोजा थाना क्षेत्र के अटसलिया ओवरब्रिज से हरदोई बाइपास की ओर जाने वाले मार्ग पर किसी समय उनकी ट्रॉली का पहिया पंचर हो गया। मजदूर शकील और जाकिर पहिया बदलने के लिए उसे खोल रहे थे। चार मजदूर शोएब, अशरफ, नौशाद, राशिद ट्रॉली पर पड़ी चारपाइयों पर सो रहे थे। इसी दौरान सीतापुर की ओर से आए ट्रक की टक्कर लगने से ट्रॉली पर सो रहे मजदूर उछलकर दूर जा गिरे। पहिया बदल रहे संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला कबीरइसरा निवासी मजदूर शकील और जाकिर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। ट्रक को कब्जे में लिया। हिरासत में लिए चालक से पुलिस ने पूछताछ की। वहीं, जाम लगने पर पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाया।