राजस्थान कांग्रेस में एक बार फिर से हलचल तेज हो गई है। अशोक गहलोत कैंप की ओर से हाईकमान के आदेश पर बुलाई गई विधायकों की मीटिंग से दूरी बनाने और फिर सीएम की कुर्सी पर बने रहने के बाद अब सचिन पायलट की बारी है। पायलट ने अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से उनकी तारीफ किए जाने पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि संसद में पीएम नरेंद्र मोदी ने गुलाम नबी आजाद की तारीफ की थी और उसके बाद क्या हुआ था, यह सबको पता है। यही नहीं पायलट ने कहा कि जिस तरह से पीएम मोदी ने मानगढ़ में अशोक गहलोत की तारीफ की है, उससे अंदेशा हो रहा है।पायलट ने गहलोत गुट पर की ऐक्शन की मांग, बोले- नियम सभी के लिए बराबरराजस्थान के बांसवाड़ा में ‘मानगढ़ धाम की गौरव यात्रा’ कार्यक्रम के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने अशोक गहलोत की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि अशोक गहलोत और मैंने सीएम के तौर पर साथ काम किया था। वह देश के सबसे वरिष्ठ मुख्यमंत्रियों में से एक हैं। इसके अलावा उन्होंने अशोक गहलोत को एक अनुभवी राजनेता बताया था। इसके बाद अशोक गहलोत ने भी पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। गहलोत ने कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी दुनिया में जहां भी जाते हैं, वहां सम्मान पाते हैं। दोनों नेताओं की ओर से एक-दूसरे की तारीफों के बाद कयासों का दौर तेज है।





































