
बहराइच। दीपावली का पर्व इस बार सलारगंज स्थित कुष्ठ रोग आश्रम में रहने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहद खास बन गया। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने आज आश्रम पहुंचकर बच्चों और बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई और उनके साथ खुशियां साझा कीं।पुलिस अधीक्षक ने आश्रम में मौजूद बच्चों और बुजुर्गों को मिठाई और पटाखों का वितरण किया।
काफी देर तक वह उनके बीच रहे, बच्चों से बात की, बुजुर्गों का हालचाल लिया और सबको दीपावली की शुभकामनाएं दीं।बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और बुजुर्गों के साथ बिताए गए आत्मीय पल इस पर्व को और भी खास बना गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने समाज के हर वर्ग के प्रति संवेदनशीलता, अपनत्व और सहयोग की भावना का संदेश दिया। दीपावली जैसे पावन पर्व पर जरूरतमंद और वंचित वर्ग के लोगों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदना को और मजबूत करता है।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक दरगाह शरीफ सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।










































