कोरोना वायरस के डेल्टा वैरिएंट के बाद अब उसी से पैदा हुए डेल्टा प्लस वैरिएंट के भी खतरनाक होने की आशंका पैदा हो गई है। मुंबई में डेल्टा प्लस वैरिएंट से पहली मौत हुई है और सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि जिस महिला की जान गई है, उसने कोरोना रोधी टीके की दोनों डोज भी लगवा ली थी। महाराष्ट्र में इस वैरिएंट से तीन लोगों की जान जा चुकी है और 65 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। अगर पूरे देश की बात करें तो लगातार दूसरे दिन 40 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जबकि उससे पहले नए मामले 40 हजार से नीचे आ गए थे।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने कहा कि कोरोना से संक्रमित 63 साल की महिला की 24 जुलाई को मौत हो गई थी। घाटकोपर की रहने वाली इस महिला की जांच रिपोर्ट गुरुवार को मिली तब इसके डेल्टा प्लस वैरिएंट से संक्रमित होने का पता चला। डेल्टा प्लस वैरिएंट से मुंबई में यह पहली मौत है। महिला ने कोविशील्ड वैक्सीन की दोनों डोज ली थी और उसके बाद 21 जुलाई को उसे कोरोना से संक्रमित पाया गया था। महिला के संपर्क में आए दो और लोग भी इस वैरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं।
इसके अलावा रायगढ़ में 69 साल के कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की 22 जुलाई को मौत हो गई थी, बाद में उसके डेल्टा प्लस वैरिएंट से संक्रमित होने की रिपोर्ट आई थी। इससे पहले 13 जून को रत्नागिरी में 80 साल की एक मरीज की मौत हुई थी। बाद में उस महिला के डेल्टा प्लस वैरिएंट से संक्रमित होने का पता था। महिला ने कोरोना रोधी वैक्सीन की एक भी डोज नहीं ली थी। महाराष्ट्र में 65 लोग इस वैरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में 40,120 नए केस मिले हैं, 585 लोगों की मौत हुई है और 42,295 मरीज स्वस्थ हुए हैं। सक्रिय मामले घटकर 3,85,227 रह गए हैं जो कुल मामलों का 1.20 फीसद है। कुल मामलों की तुलना में सक्रिय मामले प्रतिशत के हिसाब से पिछले साल मार्च के बाद से सबसे कम हैं।





































