महंगाई रोकने को सख्त प्रशासन जरवल रोड चीनीमिल में 90 हजार क्विंटल स्टॉक की जांच
अब्दुल कादिर खान/ इरशाद हुसैन

बहराइच। जरवल रोड आईपीएल चीनीमिल में चीनी स्टॉक का लिया जायजा प्रदेश सरकार के कड़े निर्देशों के बाद अब जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। बढ़ती महंगाई और चीनी की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों ने चीनी मिलों का रुख करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जरवल रोड स्थित आईपीएल चीनीमिल में जिला गन्ना अधिकारी ने औचक निरीक्षण किया।
राज्य सरकार द्वारा चीनी की कीमतों पर नियंत्रण रखने और मुनाफाखोरी रोकने के सख्त आदेश दिए गए हैं। इन निर्देशों का पालन करते हुए जिला गन्ना अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला खुद मैदान में उतरे। उन्होंने जरवल रोड स्थित आईपीएल चीनीमिल पहुंचकर स्टॉक की गहन जांच-पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी ने मिल के गोदामों में मौजूद करीब 90 हजार क्विंटल चीनी के बड़े स्टॉक का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मिल प्रबंधन से चीनी के उठान, आपूर्ति और बिक्री से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जांचे।
“शासन के निर्देशानुसार चीनी की कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत को रोकने के लिए यह निरीक्षण किया गया है। मिल में 90 हजार क्विंटल चीनी का स्टॉक पाया गया है। बाजार में चीनी की सप्लाई सुचारू रूप से बनी रहे, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और मिल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।”
प्रदेश सरकार की इस सख्ती का सीधा मकसद आम जनता को महंगाई से राहत देना और बाजार में चीनी की किल्लत न होने देना है। प्रशासन का साफ़ संदेश है कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










































