24 घंटे में वारदात का खुलासा, मंगलसूत्र, चोरी की बाइक और तमंचा बरामद

संवाददाता जयदीश श्रीवास्तव
नानपारा बहराइच मटेरा थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में लूटा गया मंगलसूत्र, चोरी की मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, कारतूस और 4,850 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, एक सितंबर को गुलालपुरवा टोल प्लाजा के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने महिला से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन पुलिस टीमों का गठन कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी क्रम में 2/3 सितंबर की रात स्वॉट टीम और मटेरा पुलिस को सूचना मिली कि दो बदमाश चोरी की मोटरसाइकिल से शंकरपुर-नानपारा रोड स्थित बेलवा नहर मोड़ की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब (22) निवासी आगापुरवा, थाना कोतवाली देहात, बहराइच के रूप में हुई है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी रिसिया भेजा गया। उसका साथी असलम मोटरसाइकिल से नानपारा की ओर फरार हो गया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से पीली धातु का मंगलसूत्र, .315 बोर का तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, होंडा शाइन मोटरसाइकिल संख्या UP32GW4289 तथा 4,850 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बहराइच जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, चेन स्नैचिंग समेत कई गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह, उपनिरीक्षक सूर्यकांत चौबे, विजय चौधरी, फूलचंद मौर्य, शुभनाथ यादव, प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार व उपनिरीक्षक राशिद अली सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।











































