32 वर्षीय युवक राम सिंह की जान लेने वाले तेंदुए को वन विभाग ने कड़ी निगरानी के बीच पकड़ा, स्वास्थ्य जांच के बाद प्राकृतिक वास में छोड़ा जाएगा।
अब्दुल कादिर खान/असलम खान

बहराइच। मोतीपुर क्षेत्र के महबूबनगर गांव में युवक पर हमला कर उसकी जान लेने वाले आदमखोर तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से तेंदुए की दहशत के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने महबूबनगर गांव में कड़ी निगरानी शुरू करते हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। वन विभाग की लगातार चौकसी के बीच तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित रूप से ककरहा रेंज ले गई।
प्रभागीय वन अधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया है। उसकी स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सकों की टीम भेजी गई है। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार तेंदुए को उसके प्राकृतिक वास में छोड़े जाने की कार्रवाई की जाएगी।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद महबूबनगर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए बताया कि जंगल क्षेत्र से सटे गांव होने के कारण क्षेत्र में तेंदुओं की आवाजाही बढ़ी है। ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने, अकेले जंगल अथवा सुनसान स्थानों की ओर न जाने और तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।







































