नहाने के दौरान गहरे पानी में समाए थे दोनों बच्चे, कई घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हुए शव
अब्दुल कादिर खान/असलम खान

बाबागंज/बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मकनपुर के मजरा नारायनजोत के पास स्थित सिरकुंडा तालाब में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। कई घंटे तक पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सलारपुर निवासी संदीप वर्मा (14) पुत्र ननके अपने ननिहाल शिव बढ़िया गांव में रामनाथ वर्मा के यहां आया हुआ था। गुरुवार को वह गांव के ही दीपेंद्र सोनकर (12) पुत्र अजय सोनकर के साथ नहाने के लिए गांव के उत्तर दिशा में स्थित सिरकुंडा तालाब पहुंचा था।
बताया जाता है कि नहाने के दौरान दोनों बच्चे अचानक तालाब के गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल तालाब में उतरकर दोनों की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद भी जब बच्चों का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रुपईडीहा थाने के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में ग्रामीणों ने तालाब में लगातार खोजबीन की। पानी अधिक होने के कारण तलाश अभियान में काफी दिक्कतें आईं। घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले जा सके।
शव बरामद होते ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। दोनों परिवारों के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा है और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने तथा बच्चों को गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से रोकने की मांग की है।







































