ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम,कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ा

बहराइच। जिले के विकास खण्ड जरवल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पारा परसरामपुर के मजरा दाताराम पुरवा गांव में उस समय हड़कंप मच गया। जब गन्ने के एक खेत में विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना खेत मालिक पप्पू यादव निवासी ग्राम पकड़ी जरवल रोड को दी। साथ ही मामले की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के कर्मचारी मोहम्मद सिद्दीक और सज्जाद सहित अन्य कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर को पकड़कर वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गन्ने के खेत में अजगर मिलने की घटना क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि अजगर दिखाई देने से कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि वन विभाग की टीम द्वारा उसे सुरक्षित पकड़ लिए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की।










































