दुल्हन की तरह सजा थाना परिसर, भव्य झांकी और विशाल भंडारे का हुआ आयोजन

संवाददाता/मिहींपुरवा
मोहम्मद रफीक
बहराइच। सुजौली थाना परिसर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर पूरे थाना परिसर को एलईडी झालरों और तरह-तरह की रंग-बिरंगी लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया, जिसकी आकर्षक रोशनी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
थाना परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक एवं भव्य झांकी सजाई गई। झांकी को देखने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी पहुंचे। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस परिवार, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में समस्त पुलिस परिवार के साथ स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग रहा।
कार्यक्रम का आयोजन सुजौली थाना अध्यक्ष राम गोविंद वर्मा के नेतृत्व में किया गया। वहीं सीओ मिहींपुरवा भी थाना परिसर में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम में पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन किए। उन्होंने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
जन्माष्टमी के दौरान थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। पुलिसकर्मियों ने धार्मिक आयोजन के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी भी बखूबी संभाली। देर रात तक थाना परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा वातावरण जय श्रीकृष्ण के जयघोष से भक्तिमय नजर आया।







































