बहराइच। कोतवाली नानपारा क्षेत्र के चंदनपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत पुलिस से की है। पिता ने एक युवक समेत चार लोगों पर उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार चंदनपुर निवासी राममूरत पुत्र पांचू ने बताया कि उसकी पुत्री चांदनी (14) 31 अगस्त 2026 को शाम करीब चार बजे घर से लापता हो गई। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का पता नहीं चल सका।
राममूरत का आरोप है कि श्रावस्ती जिले के गिरंट थाना क्षेत्र निवासी दिनेश तथा उसके तीन अन्य साथियों ने उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर कहीं भगा ले गए हैं। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि दिनेश उनका रिश्तेदार है और उसी के माध्यम से आरोपियों द्वारा किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका है।
पिता ने पुलिस से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए किशोरी की तलाश कर उसे बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार यादव को सौंपी है। पुलिस किशोरी की तलाश के साथ ही मामले की जांच कर रही है।







































