रायपुर: बस्तर जिले में रविवार 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ होते ही जिला प्रशासन के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना ने खाद्य, सहकारिता व मार्कफेड के अधिकारियों के साथ बड़ेमारेंगा धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने केंद्र पर पहुंचकर धान खरीदी की समूची प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, बारदानों की उपलब्धता और गुणवत्ता जांच का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नमी मापक यंत्र (मॉइस्चर मीटर) से धान की नमी की जांच करवाई, जो मानक के अनुरूप 17 प्रतिशत से कम पाई गई, साथ ही 40 किलोग्राम प्रति बोरा मानक तौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस केंद्र पर अपना धान बेचने पहुंचे किसानों मोतीराम सेठिया और ईश्वर मौर्य से कलेक्टर ने आत्मीय संवाद कर टोकन की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी सीमा, समर्थन मूल्य और बोनस राशि 3100 रुपए कुल भुगतान के अंतर्गत 2441 रुपए खरीदी दर तथा शेष अंतर राशि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संवाद के दौरान कुछ किसानों ने श्एग्रीस्टैकश् और श्डिजिटल गिरदावरीश् पोर्टल पर खसरा नंबर या रकबा प्रदर्शित न होने की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी।
इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन किसानों का डेटा पोर्टल पर सिंक नहीं हो पाया है, उनकी सूची तत्काल तैयार कर तकनीकी समाधान कराया जाए ताकि किसी भी पात्र किसान को टोकन कटवाने में असुविधा न हो। उन्होंने बायोमेट्रिक और आइरिस स्कैन के माध्यम से आधार सत्यापन की प्रक्रिया को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए।
जिले के कुल 88 उपार्जन केंद्रों पर आगामी 15 जनवरी तक निरंतर चलने वाले इस अभियान के पहले दिन 8 केंद्रों के लिए 13 किसानों के टोकन पंजीकृत हुए हैं, जिनके माध्यम से 50.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी निर्धारित की गई है। पहले दिन की खरीदी में ऑनलाइन व्यवस्था के प्रति किसानों का जबरदस्त उत्साह दिखा है और जारी हुए कुल 13 टोकनों में से 11 टोकन श्किसान-तुंहर टोकनश् मोबाइल ऐप से 41.44 मीट्रिक टन तथा 2 टोकन समितियों के माध्यम से 09 मीट्रिक टन कटवाए गए हैं।
केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार पहले दिन सर्वाधिक 4 टोकन 19.40 मीट्रिक टन बड़ेमारेंगा केंद्र में पंजीकृत हुए हैं, जबकि मुली में 2 टोकन 8.60 मीट्रिक टन, रेटावंड/बालेंगा में 2 टोकन 6.32 मीट्रिक टन, सोनपुर में 1 टोकन 5.76 मीट्रिक टन, नदीसागर में 1 टोकन 3.88 मीट्रिक टन, कचनार में 1 टोकन 2.48 मीट्रिक टन, बड़ांजी में 1 टोकन 2.00 मीट्रिक टन और लोहण्डीगुडा/धुरागांव केंद्र में 1 टोकन 2.00 मीट्रिक टन धान की तौल के लिए जारी हो चुके हैं।
जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए इस वर्ष जिले में 9 नए उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिले में कुल 67,538.0160 हेक्टेयर रकबे के साथ 51,068 किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं। पारदर्शी व्यवस्था के लिए 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप से ऑनलाइन और शेष 30 प्रतिशत टोकन समितियों व केंद्रों से ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं। नियमों के तहत सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को दो तथा दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन की पात्रता तय की गई है।
ऑनलाइन टोकन रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे काटे जा सकेंगे, जबकि शनिवार, रविवार और शासकीय अवकाश के दिनों में तौल कार्य बंद रहेगा तथा टोकन जनरेट होने के उसी दिन की तौल तिथि का चयन वर्जित रहेगा। केवल सत्यापित बैंक व ऋण खाते वाले किसानों के ही टोकन जारी होंगे और प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के अनुपात में प्रविष्टि अनिवार्य रखी गई है। जिला प्रशासन द्वारा सभी पंजीकृत किसानों से नियमों का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त कर सुगम विक्रय सुनिश्चित करने की अपील की गई है।













































