जयदीश श्रीवास्तव
ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, बछड़े को बना चुका था शिकार
नानपारा बहराइच। जनपद बहराइच की तहसील नानपारा क्षेत्र अंतर्गत नेवादा पूरे कस्बाती रामपुर धोबियाहार क्षेत्र के गांव में पिछले दो-तीन दिनों से आबादी के आसपास विचरण कर रहे तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने से दहशत में जी रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
बताते चलें कि गांव और आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की लगातार आमद से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। तेंदुआ गांव के ही मनोहर के बछड़े को अपना शिकार बना चुका था।
इसके बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई थी। तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने 15 नवंबर 2026 को गांव में पिंजरा लगवाया था, जिसमें सोमवार को तेंदुआ कैद हो गया।पकड़े गए तेंदुए को वन विभाग की टीम नानपारा वन रेंज लेकर पहुंची।
रेंजर पीयूष गुप्ता ने बताया कि पिंजरे में कैद तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ है। यह मादा तेंदुआ है, जिसकी उम्र लगभग छह से सात वर्ष बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तेंदुए को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।तेंदुए के पिंजरे में कैद होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत महसूस की।








































