प्रदेश में बदले मौसम के बदले मिजाज के बीच शनिवार को भी प्रवेशद्वार लखनपुर से लेकर कश्मीर तक बारिश-बर्फबारी के बाद पारे में अचानक गिरावट आ गई है। कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
खराब मौसम के कारण कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा प्रभावित रही। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन होने के बाद वाहनों के लिए बंद हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 4 अप्रैल तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। कठुआ, सांबा, पुंछ-राजोरी और उधमपुर-रियासी जिले में भी बारिश जारी है।
राजधानी श्रीनगर समेत घाटी के अन्य जिलों में शुक्रवार के बाद शनिवार को भी बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी जारी है। श्रीनगर में दिन का तापमान 18.0, पहलगाम में 13.0 और गुलमर्ग में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में वीरवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा।
संभाग में सुबह से ही बादल छाए रहे। जम्मू संभाग के अधिकतर जिलों में मौसम के बदले मिजाज से दिन के तापमान में सामान्य से 8 से 10 डिग्री तक गिरावट आई है। जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 8.4 डिग्री गिरकर 20.5 और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बनिहाल में दिन का तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री गिरकर 11.8, बटोत में सामान्य से 6.6 डिग्री गिरकर 12.1, कटड़ा में सामान्य से 9.5 डिग्री गिरकर 16.4 और भद्रवाह में सामान्य से 9.5 डिग्री गिरकर 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह का न्यूनतम तापमान माइनस 1.0 और कारगिल में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू में चौबीस घंटे में दस डिग्री तक गिरा पाराजम्मू जिले के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। बारिश के कारण पिछले चौबीस घंटे में जिले में दिन के तापमान में सामान्य से दस डिग्री तक गिरावट आ गई है। वीरवार को अधिकतम तापमान तीस डिग्री के करीब था, जो शुक्रवार को गिरावट के साथ 20.5 डिग्री तक पहुंच गया।
तीन दिन पहले तपिश का अहसास कर रहे शहरवासियों को शुक्रवार को फिर ठंडक का अहसास हुआ। पिछले दो साल बाद इस बार मार्च राहत भरा रहा है। जम्मू में पूरे माह अधिकतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर नहीं गया है। जबकि 27 मार्च 2022 को अधिकतम तापमान 37.3, 30 मार्च 2021 को 33.7 डिग्री तक गया था। 21 मार्च 2020 को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।
जम्मू में दिन की शुरुआत बादलों की गड़गड़ाहट के साथ शुरू हुई। शहर और आसपास के इलाकों में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने से बाजारों में आम दिनों के मुकाबले रौनक कम रही। शहर के रघुनाथ बाजार, सिटी चौक, पुरानी मंडी, लिंक रोड, जैन बाजार, राज तिलक रोड, पक्का डंगा बाजार, मोती बाजार, परेड, तालाब तिल्लो, जानीपुर, शास्त्रीनगर और गांधीनगर आदि इलाकों में कई दुकानदारों ने रात को समय से पहले ही शटर गिरा दिए।
शहर के कुछ निचले इलाकों में बारिश से जलभराव की स्थिति रही, जिससे इन रास्तों पर खासतौर पर राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी। सर्द मौसम से बचने के लिए लोगों को दोबारा गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। आगामी दिनों में भी मौसम की भविष्यवाणी के तहत अप्रैल के शुरू में पारे से राहत रहेगी।
और बारिश हुई तो तैयार फसल को होगा नुकसाननिरंतर अंतराल के बाद हो रही बारिश ने जहां लोगों को तपिश से राहत दी है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस बारिश से कृषि क्षेत्र के लिए स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन अगर और बारिश होती है तो तैयार फसल को नुकसान होगा।
कृषि विभाग जम्मू के निदेशक केके शर्मा के अनुसार किसानों को खेतों में निकासी के उचित प्रबंध करने की जरूरत है। अगले एक दो दिन भी बारिश बताई गई है, ऐसे में खेतों में तैयार खड़ी फसल को बचाने के लिए बारिश के पानी की निकासी करना जरूरी है। बारिश के साथ तेज चलने वाली हवाएं भी फसल को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए तेज बारिश से बचने के लिए निकासी के इंतजाम किए जाने चाहिए।
पारे में उतार-चढ़ाव से सावधान, सेहत पर दें ध्यानमौसम में निरंतर आ रहे बदलाव से लोगों को सेहत पर खास ध्यान देने की जरूरत है। गांधीनगर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. प्रवीण योगराज के अनुसार कुछ घंटों के भीतर तापमान में भारी गिरावट और उछाल आ रहा है, जिससे अधिकतर लोग गर्मियों के परिधानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
इस मौसम में वायरल संक्रमण के कारण खांसी, जुकाम और बुखार हो रहा है। ऐसे में खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को मौसम के लिहाज से अधिक एहतियात बरतने की जरूरत है। तापमान के मुताबिक ही सभी जरूरी कपड़े पहने। इस मौसम में ठंडे पेयजल और अन्य ठंडे पदार्थों का सेवन न करें। बीमार होने पर डाॅक्टर के परामर्श के बाद ही कोई एंटीबायोटिक दवा लें। वायरल संक्रमण से बचाव को मास्क का प्रयोग जरूर करें।



































