घंटों बाद भी नहीं मिले शव; गांव में मचा हड़कंप

बाबागंज/बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मकनपुर के मजरा नारायनजोत के पास स्थित सिरकुंडा तालाब में नहाने गए दो मासूम बच्चे गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस और ग्रामीणों ने कई घंटे तक तालाब में खोजबीन की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का पता नहीं चल सका था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सलारपुर निवासी संदीप वर्मा (14) पुत्र ननके अपने ननिहाल शिव बढ़िया गांव में रामनाथ वर्मा के यहां आया हुआ था। गुरुवार को वह गांव के ही दीपेंद्र सोनकर (12) पुत्र अजय सोनकर के साथ नहाने के लिए गांव के उत्तर दिशा में स्थित सिरकुंडा तालाब पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान दोनों बच्चे अचानक तालाब के गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते पानी में समा गए। घटना की जानकारी होने पर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
सूचना मिलते ही रुपईडीहा थाने के प्रभारी निरीक्षक हितेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में ग्रामीणों ने तालाब में लगातार खोजबीन की। पानी अधिक होने के कारण राहत एवं तलाश अभियान में दिक्कतें सामने आईं। करीब दो घंटे से अधिक समय तक तलाश के बावजूद समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों के शव बरामद नहीं हो सके थे।
उधर, घटना की खबर मिलते ही दोनों बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही और सभी बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए रहे।
पुलिस और ग्रामीण स्थानीय संसाधनों के माध्यम से लगातार तालाब में तलाश कर रहे हैं। हादसे से मकनपुर और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बच्चों को गहरे पानी वाले स्थानों से दूर रखने की जरूरत जताई है








































