गोविंद निषाद ने समाज से एकजुट होकर सपा को मजबूत करने का किया आह्वान
इरशाद हुसैन जिला क्राइम रिपोर्टर खरी कसौटी

रुपईडीहा, बहराइच। आदर्श नगर पंचायत रुपईडीहा स्थित राहुल पार्टी पैलेस में रविवार को 283 नानपारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निषाद समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के नेता एवं संभावित प्रत्याशी गोविंद निषाद ने निषाद समाज से एकजुट होकर पीडीए परिवार का हिस्सा बनने तथा पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोविंद निषाद ने कहा कि निषाद समाज को अपने अधिकारों और विकास के लिए संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर निषाद समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद सोनी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अहंकार में चूर है और जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी कर रही है। ब्लॉक अध्यक्ष पप्पू लाल यादव ने अयोध्या धाम मंदिर चोरी प्रकरण का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जिला अध्यक्ष राम हर्ष यादव ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों के बीच समाजवादी पार्टी की नीतियों और पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाएं तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद सोनी, कृपाराम वर्मा, नगर अध्यक्ष शब्बीर अहमद, रईस अहमद सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पार्टी को मजबूत करने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग शामिल हुए।






































