बलहा में PDA कार्यकर्ता सम्मेलन में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने 2027 में सरकार बनाने का किया आह्वान

रामहर्ष यादव एवं डॉ. ऐनुद्दीन ने संयुक्त रुप से किया संचालन।
अब्दुल कादिर खान/ इरशाद हुसैन
मोतीपुर, बहराइच। मोतीपुर स्थित डायमंड मैरिज लॉन में सोमवार को समाजवादी पार्टी बलहा की ओर से बूथ, सेक्टर, जोन एवं विधानसभा कार्यकारिणी के PDA कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जुटने का आह्वान किया।
श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन जनता के सामने खराब दिन की स्थिति है। उन्होंने खाद की बोरी में 10 किलो खाद कम होने, 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण को लेकर विवाद तथा राम मंदिर में दान से जुड़े कथित घोटाले का उल्लेख करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए जाने का दावा भी किया और कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन में ललिता हरेंद्र पासवान की मौजूदगी और सक्रिय सहभागिता भी प्रमुख रही। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल समेत वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन रामहर्ष यादव एवं डॉ. ऐनुद्दीन ने संयुक्त रुप से किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक एकजुटता और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव ने की । इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष विश्राम सिंह यादव, पूर्व मंत्री बंशीधर बौद्ध, पूर्व सांसद सावित्रीबाई फूले, पूर्व विधायक रमेश गौतम, ललिता हरेंद्र पासवान, रेखा राव समेत पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।










































