अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 लाख रुपये, भारतीय-नेपाली मुद्रा भी बरामद
अब्दुल कादिर खान/इरशाद हुसैन

रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रुपईडीहा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है।थाना प्रभारी रूपईडीहा हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 116 ग्राम अवैध स्मैक, 21,029 रुपये भारतीय मुद्रा, 23,800 रुपये नेपाली मुद्रा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।उन्होंने बताया कि अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 सितंबर की रात रुपईडीहा थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम दशहरा बाग क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक महिला को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 116 ग्राम स्मैक बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार महिला की पहचान शकीला बीबी उम्र करीब 40 वर्ष पत्नी मो. इस्लाम उर्फ लालबादशाह, निवासी दशहरा बाग नई बस्ती, थाना रुपईडीहा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना रुपईडीहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को न्यायालय बहराइच रवाना कर दिया गया।
कार्रवाई में रुपईडीहा पुलिस के साथ एसएसबी एफ-कॉय 42वीं वाहिनी नानपारा की टीम भी शामिल रही। पुलिस के मुताबिक सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।






































