दिल्ली में एक बार फिर किसानों का बड़ा आंदोलन खड़ा होने जा रहा है। इसका ऐलान शुक्रवार को मुजफ्फरनगर की महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने की। महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन ने यूपी में गन्ने का भाव 450 रुपये कुंतल करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ फिर तेवर दिखाए।
भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अपने अंदाज में कहा कि नलकूपों पर किसी भी कीमत पर बिजली के मीटर नहीं लगने देंगे और न ही पुराने ट्रैक्टर बंद होने देंगे। हमारे आंदोलन का अगला पड़ाव फिर दिल्ली होगा। 20 मार्च से संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में दिल्ली में आंदोलन किया जाएगा।
मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर शुक्रवार को भाकियू की महापंचायत में भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ भारी संख्या में किसान पहुंचने शुरू हो गए थे, जिससे जाम भी लग गया। महापंचायत को देखते हुए शहर के कई स्कूल कॉलेज बंद रखे गए थे।
महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि बिजली मुफ्त देने के बजाय सरकार अब किसानों पर बिजली मीटर थोपे रही है। 20 मार्च को दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले बड़ा आंदोलन शुरू किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि किसानों को बांटी जा रही पर्चियों पर गन्ने के रेट के स्थान पर शून्य लिखा आता है। उन्होंने कहा कि गन्ने का दाम बढ़ाया जाए।
आश्वासन पर धरना समाप्त :
शाम को एसएसपी संजीव सुमन व एडीएम नरेंद्र बहादुर किसानों के बीच पहुंचे। एसएसपी ने मंच से आश्वासन दिया कि किसी भी किसान के नलकूप पर बिजली मीटर लगाने का दबाव नहीं बनाया जाएगा।
इसके साथ ही दस साल पुराने ट्रैक्टर को लेकर उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार का मामला है। उन्होंने अपनी ओर से आश्वस्त किया कि किसी भी किसान के वाहन पर फिलहाल स्थानीय स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। एसएसपी के आश्वासन राकेश टिकैत ने धरना समाप्ति की घोषणा कर दी।


























































