पटना। राजधानी पटना के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना अशोक राजपथ स्थित इंडियन बैंक परिसर के पास करीब तीन बजे की है। मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार मेहता (निवासी – मोहम्मदपुर, सुलतानगंज) के रूप में हुई है।
चाय पीकर लौट रहे थे, घात लगाए अपराधियों ने घेरा
एएसपी अतुलेश झा के अनुसार, अधिवक्ता जितेंद्र मेहता पास की चाय की दुकान से चाय पीकर पैदल घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और सिर व कान के पास गोली मार दी।
गोली लगने से अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, तीन खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार, एएसपी अतुलेश झा व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल से तीन कारतूस के खोखे बरामद किए हैं।
एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) द्वारा भी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं, आपसी रंजिश की आशंका
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
स्वजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि जितेंद्र मेहता एक शरीफ और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
जल्द होगा खुलासा: एसएसपी
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने आश्वस्त किया है कि हत्या के इस मामले में शीघ्र खुलासा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परिवार के बयान के आधार पर जांच की दिशा तय की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी संभव है।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजधानी में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं.



































