रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर सोमवार को एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गिरीश चंद्र पांडेय ने नेपाली सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के आईजी नारायण दत्त पौडेल से मुलाकात की। इस दौरान सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में सीमा पर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा मानव तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध आवागमन और अन्य सीमा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। दोनों अधिकारियों ने सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और सुरक्षा बलों के बीच नियमित संपर्क बनाए रखने को जरूरी बताया।
अधिकारियों ने कहा कि खुली सीमा के कारण दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी चुनौती से निपटने के लिए समय रहते सूचनाओं को साझा करने और संयुक्त प्रयासों को प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।
बैठक में सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों के बीच आपसी विश्वास और भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने जवानों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित संवाद के माध्यम से सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने पर बल दिया।











































