हादसे में साथी गंभीर घायल, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

इरशाद हुसैन
बहराइच। मुर्तिहा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, थाना मुर्तिहा क्षेत्र के ग्राम सेमरी मलमला निवासी निर्गुण भारती (52) पुत्र घूरा अपने साथी घनश्याम के साथ बाइक से बोझिया की ओर से अपने गांव सेमरी मलमला लौट रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर को क्रॉस करते समय बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि निर्गुण भारती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी घनश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल घनश्याम को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर भेजा गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बहराइच भेज दिया।
हादसे के बाद मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







































