अब्दुल कादिर खान/इरशाद हुसैन

बहराइच। थाना रानीपुर पुलिस ने श्रावस्ती जनपद से संबंधित गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध .12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि श्रावस्ती पुलिस अधीक्षक द्वारा 18 अगस्त 2026 को थाना गिलौला में दर्ज मुकदमा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में वांछित अनवर अली पुत्र रमजान अली निवासी बेचनपुरवा, दा. सरवा, थाना रानीपुर, बहराइच के खिलाफ 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
रविवार रात गश्त के दौरान रानीपुर पुलिस ने दुर्गूपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर अनवर अली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के संबंध में थाना रानीपुर में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय बहराइच के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।
अभियुक्त पहले भी कई मुकदमों में रहा है आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अनवर अली के खिलाफ बहराइच, गोंडा और श्रावस्ती जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल बरामदगी, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य धाराओं में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना रानीपुर के वर्ष 2022 के कई चोरी के मुकदमे, वर्ष 2023 में गैंगस्टर एक्ट, वर्ष 2024 में चोरी व अन्य धाराओं के मुकदमे तथा श्रावस्ती के थाना गिलौला में वर्ष 2025 और 2026 के मुकदमे शामिल हैं।गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष हरेन्द्र नाथ राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामकेश, उपनिरीक्षक रवि प्रकाश सिंह, कांस्टेबल भगवानदीन, राकेश भारती, चंद्र किशोर यादव और राहुल गौड़ शामिल रहे।







































