मटेरा बहराइच। थाना मटेरा पुलिस ने दुकान चलाने के नाम पर 25 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बहराइच समेत अन्य जनपदों के थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार अमवा मौलवी निवासी मो. उमर पुत्र मो. शमी उर्फ टुन्ना ने दो सितंबर को वादी को डराने-धमकाने के बाद दुकान चलाने के नाम पर 25 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। मामले में वादी की तहरीर पर पांच सितंबर को थाना मटेरा में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने मटेरा बाजार स्थित रेलवे अंडरपास के पास से नामजद आरोपी मो. उमर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय बहराइच के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना मटेरा, नानपारा और नवाबगंज समेत अन्य थानों में वर्ष 2009 से अब तक कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आयुध संबंधी तथा गुंडा एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक धात्रिशंकर सहाय, कांस्टेबल वीरपाल और कांस्टेबल सचिन सिंह शामिल रहे।








































