मौके पर पहुंचें उपनिरीक्षक अब्दुल कादिर खान
रूपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित तालाब में रविवार को पैर फिसलने से एक युवक गहरे पानी में डूब गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में शव को तालाब से बाहर निकाला गया।मृतक की पहचान ग्राम पंचायत सहजना के मजरा लहरपुरवा निवासी समीम पुत्र राऊ उर्फ ताऊ के रूप में हुई है। बताया जाता है कि युवक रेलवे स्टेशन के बगल स्थित तालाब के पास गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह तालाब में जा गिरा और गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक के शव को तालाब से बाहर निकलवाया।रूपईडीहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।घटना की सूचना पर तहसीलदार विकास कुमार, लेखपाल तौसीफ अहमद, कानूनगो विश्वनाथ मौर्य, रामनरेश तथा उपनिरीक्षक अब्दुल कादिर खान मौके पर मौजूद रहे। राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई।








































