
सुजौली और जंगल गुलरिहा में कम्युनिटी किचन के माध्यम से पका भोजन उपलब्ध कराया।
बहराइच। पिछले दिनों लगातार हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्यों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मंगलवार को एसडीएम मिहीपुरवा मोनालिसा जौहरी ने सुजौली और जंगल गुलरिहा की बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों की समस्याएं जानीं। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों को पके हुए भोजन के पैकेट वितरित कराये। बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन के लिए परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए प्रशासन की ओर से कम्युनिटी किचन का संचालन कराया गया। इसके माध्यम से दोनों गांवों में लगभग 2500 पैकेट पका हुआ एवं शुद्ध भोजन तैयार कर प्रभावित लोगों तक पहुंचाया गया। भोजन वितरण के दौरान एसडीएम ने मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक समय से भोजन और अन्य आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई जाए। एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन की पहली प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे और किसी परिवार को भोजन के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं।
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच एसडीएम मोनालिसा जौहरी की लगातार सक्रियता और संवेदनशील पहल बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत का भरोसा बनी हुई है। वह स्वयं प्रभावित गांवों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा ले रही हैं और राहत कार्यों की लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानने के साथ ही मौके पर ही आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।एसडीएम की इस संवेदनशील कार्यशैली और मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।










































