शिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी गतिविधियों को कक्षा शिक्षण में लागू करने पर जोर
रुपईडीहा, बहराइच। ब्लॉक संसाधन केंद्र बाबागंज में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) शिक्षक प्रशिक्षण का सोमवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण एक सितंबर से शुरू हुआ था। समापन समारोह की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज राधेश्याम वर्मा ने की।
अंतिम दिवस के सत्र में खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रतिभागी शिक्षकों से पांच दिनों के प्रशिक्षण के दौरान कराई गई गतिविधियों एवं विषयों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और सीखी गई गतिविधियों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करना निपुण भारत मिशन का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए शिक्षक कक्षा शिक्षण के दौरान प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों और गतिविधियों का प्रयोग करें। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों के सीखने के स्तर के अनुसार शिक्षण पद्धतियों, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा भाषा एवं गणित विषयों में बुनियादी दक्षताओं के विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर एआरपी शैलेंद्र कुमार, विमल अग्निहोत्री, राकेश मौर्य, जितेंद्र पटेल एवं अब्दुल कादिर तथा एलएलएफ के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संदीप सोनकर सहित प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले शिक्षक मौजूद रहे।







































