एक माह में कई बार मेन लाइन होती है ब्रेकडाउन, रविवार को सुबह से रात एक बजे तक गुल रही बिजली,सोमवार को 4 बजे फिर हुई ब्रेकडाउन
रुपईडीहा, बहराइच। सहाबा पावर हाउस से विद्युत आपूर्ति वाले क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। भीषण गर्मी के बीच प्रतिदिन आठ से दस घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत विभाग की ओर से हर बार मेन लाइन ब्रेकडाउन होने की बात कहकर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और छात्रों को हो रही है। क्षेत्र के कई विद्यालयों में परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में लगातार बिजली कटौती के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक माह में कई बार मुख्य लाइन के ब्रेकडाउन होने की समस्या सामने आ चुकी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर मुख्य लाइन बार-बार क्यों खराब हो रही है।
रविवार को भी सुबह से विद्युत आपूर्ति बाधित रही और काफी मशक्कत के बाद रात करीब एक बजे बिजली बहाल हो सकी। इसके अगले ही दिन सोमवार को शाम करीब चार बजे फिर आपूर्ति ठप हो गई। लगातार हो रही इस समस्या से सहाबा पावर हाउस से जुड़े क्षेत्रों के उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की है, लेकिन बार-बार होने वाले ब्रेकडाउन की स्थायी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि जिले के उच्चाधिकारी भी इस गंभीर समस्या का संज्ञान नहीं ले रहे हैं।
रुपईडीहा कस्बे के स्थानीय लोगों ने सरकार और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि लगातार हो रहे मेन लाइन ब्रेकडाउन की जांच कराई जाए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही सभी विद्युत लाइनों और उपकरणों की तकनीकी जांच कर जहां भी खराबी हो, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।







































