कलेक्ट्रेट पहुंचे होमगार्ड
खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी ने लिया संज्ञान, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
नानपारा बहराइच। नानपारा कोतवाली में तैनात सिपाही शुभम यादव पर 57 वर्षीय पीआरडी जवान के साथ मारपीट किए जाने के आरोप के मामले में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिपाही को निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग की कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताते चलें कि पीआरडी जवान ने आरोप लगाया था कि ड्यूटी के दौरान नानपारा कोतवाली में तैनात सिपाही ने उसके साथ मारपीट की। मामले की खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए सिपाही शुभम यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वहीं बुधवार को कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में होमगार्ड संघ के जवान कलेक्ट्रेट पहुंचे। जवानों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। होमगार्ड जवानों का कहना था कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या मारपीट को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
सिपाही के निलंबन के बाद अब मामले की जांच को लेकर लोगों की निगाहें पुलिस विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई कार्रवाई को पीआरडी एवं होमगार्ड जवानों की ओर से उठाई गई आवाज पर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।











































