बारिश से कमजोर हुई थी दीवार, मलबे में दबकर गई जान; हादसे के बाद गांव में मचा कोहराम
नानपारा बहराइच। तहसील नानपारा क्षेत्र के ग्राम भटेहटा में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजे कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दबकर बिस्तर पर सो रहे 45 वर्षीय मिश्रीलाल की मौके पर ही मौत हो गई।बताया जाता है कि मिश्रीलाल रात में अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। लगातार बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवार काफी कमजोर हो चुकी थी। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और मिश्रीलाल उसके मलबे में दब गए।दीवार गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर परिजन तथा आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में मलबा हटाया, लेकिन तब तक मिश्रीलाल की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों में कोहराम मच गया।लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते क्षेत्र में कच्चे मकानों के लिए खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर एवं कच्चे मकानों का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।










































