राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और इसके कई वरिष्ठ नेताओं का अकाउंट लॉक किए जाने पर मचे बवाल के बीच ट्विटर ने अपना ऐक्शन जारी रखा है। महाराष्ट्र के गृह और आईटी राज्य मंत्री सतेल पाटिल ने दावा किया है कि महारष्ट्र कांग्रेस और वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोराट के ट्विटर हैंडल को माइक्रोब्लॉगिंग साइट ने लॉक कर दिया है।
एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए पाटिल ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार डरी हुई है और सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म को अपने इशारे पर नचा रही है। कोल्हापुर के कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ”कांग्रेस नेताओं के ट्विटर अकाउंट्स को सस्पेंड किए जाने की मैं निंदा करता हूं। साफ है कि बीजेपी सरकार डरी हुई है और उनकी इच्छा को पूरा करने के लिए ट्विटर की बांह मरोड़ रही है।”
पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी के अलावा महाराष्ट्र कांग्रेस और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट का अकाउंट भी ब्लॉक किया गया है। उन्होंने कहा, ”जो भी फांसीवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाजा उठाता है, बीजेपी उसे चुप करा देती है।” दिल्ली में एक बच्ची से रेप के बाद हत्या के मामले में पीड़िता के परिजनों की तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट करने की वजह से उनका अकाउंट लॉक कर दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस पार्टी और इसके कई वरिष्ठ नेताओं ने उसी फोटो को शेयर करते हुए उनका भी अकाउंट ब्लॉक करने की चुनौती दी थी।













































