गर्मियों में आंखों की समस्याएं गर्मियों के मौसम में तेज धूप, गर्म हवा, धूल-मिट्टी, प्रदूषण और लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप का इस्तेमाल आंखों में थकान, जलन और सूखापन (ड्रायनेस) बढ़ा देता है। ऐसे में आंखों को प्राकृतिक रूप से राहत दिलाने और स्वस्थ रखने में हमारा सही खानपान अहम भूमिका निभाता है। कई मौसमी फल और सब्जियां ऐसी होती हैं, जो आंखों को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करती हैं, जिससे आंखों की सेहत दुरुस्त रहती है।
तरबूज और खीरे के फायदे तरबूज को गर्मी के फलों में आंखों के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है, जिससे शरीर के साथ-साथ आंखें भी हाइड्रेट रहती हैं। इसमें मौजूद विटामिन ए और लाइकोपीन आंखों की कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं। वहीं, खीरा भी आंखों की ड्राइनेस और जलन को कम करने में काफी कारगर है। इसकी ठंडक और एंटीऑक्सीडेंट गुण आंखों को तुरंत राहत देते हैं, इसीलिए अक्सर लोग आंखों पर खीरे के टुकड़े रखते हैं।
विटामिन से भरपूर अन्य फल आम, पपीता और खरबूजा जैसे मौसमी फलों में विटामिन ए और बीटा कैरोटीन प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो आंखों की थकान और कमजोरी को दूर करने में मदद करते हैं। इसके अलावा, संतरा और मौसंबी जैसे खट्टे फलों का सेवन भी आंखों के लिए वरदान है। इन फलों में विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है, जो आंखों की रक्त वाहिकाओं को मजबूती प्रदान करता है और दृष्टि को सुरक्षित रखता है।
हरी पत्तेदार सब्जियों का महत्व फलों के साथ-साथ हरी पत्तेदार सब्जियां भी आंखों के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं। अपनी नियमित डाइट में पालक, मेथी और अन्य हरी पत्तेदार सब्जियों को जरूर शामिल करें। इन सब्जियों में ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन जैसे अति आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो आंखों की रोशनी बढ़ाने और आंखों को कई तरह की बीमारियों से सुरक्षित रखने में बहुत बड़ी और सहायक भूमिका निभाते हैं।
गाजर, टमाटर और अन्य सब्जियां आंखों की सेहत की बात हो और गाजर का नाम न आए, ऐसा नहीं हो सकता। गाजर का बीटा कैरोटीन शरीर में पहुंचकर विटामिन ए के सक्रिय रूप में तब्दील हो जाता है, जिससे आंखों का सूखापन दूर होता है। टमाटर में मौजूद लाइकोपीन और विटामिन सी भी थकान मिटाने में मददगार हैं। इसके अतिरिक्त शिमला मिर्च और ब्रोकली भी आंखों को गहराई से पोषण देने के मामले में काफी उपयोगी और कारगर सब्जियां मानी जाती हैं।
अन्य सावधानियां और डिस्क्लेमर सही खानपान के साथ-साथ दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और अपना स्क्रीन टाइम घटाना भी आंखों की हिफाजत के लिए उतना ही जरूरी है। डिस्क्लेमर: (इस लेख में सुझाए गए टिप्स और उपाय केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने, अपनी डाइट में बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई उपाय अपनाने से पहले अपने चिकित्सक या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें। हम किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करते हैं।)





































