नई दिल्ली: कुछ दिन पहले ही पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा देने वाले अमरिंदर सिंह ने एक बार फिर इस्तीफे से पहले के विवादों को लेकर बात की है. कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह ने राहुल और प्रियंका गाँधी पर सवाल उठाये हैं. अमरिंदर सिंह ने राहुल और प्रियंका गाँधी को अपने बच्चों की तरह बताया है. इसके साथ अमरिंदर ने सोनिया गाँधी को लेकर भी कई बातें कही हैं. वहीं, अमरिंदर सिंह ने ऐलान किया कि वह हर हाल में नवजोत सिंह सिद्धू से देश को बचाने के लिए तैयार हैं.
अमरिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी दोनों भाई-बहन मेरे बच्चों की तरह हैं. ये जो हुआ, वो इस तरह खत्म नहीं होना चाहिए था. मुझे दुःख पहुंचा. अमरिंदर सिंह ने कहा कि राहुल और प्रियंका अभी थोड़ा कम अनुभवी हैं. और इन दोनों के जो सलाहकार हैं, वो निश्चित तौर पर इन्हें गलत सलाह दे रहे हैं.
पंजाब के पूर्व सीएम और मौजूदा समय में कांग्रेस के सबसे दिग्गज नेताओं में से एक अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैंने तीन हफ्ते पहले सोनिया गाँधी को इस्तीफ़ा भेजा था, लेकिन उन्होंने मुझे पद पर रहने के लिए कहा. अगर वह उसी समय मुझे पद छोड़ने को कहतीं तो मैं ऐसा ही करता. अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं सेना में रहा हूँ, मुझे मेरे काम करने के बारे में पता है.
इसके साथ ही अमरिंदर सिंह ने बड़ा ऐलान भी किया. अमरिंदर सिंह ने कहा कि अगर पंजाब का सीएम बनाने के लिए नवजोत सिंह सिद्धू का नाम आता है तो वह इसका डटकर सामना करेंगे. वह ऐसे खतरनाक व्यक्ति से देश को बचाने के लिए कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं.





































