सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद के परिवार का अंदरूनी कलह अब खुलकर सरेआम सड़कों पर आ गया है। इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव आकर अपने ही करीबी रिश्तेदारों शादान मसूद और शायान मसूद पर गंभीर आरोप जड़े हैं। हमजा ने बेहद भावुक होकर कहा कि उनके पिता पिछले एक हफ्ते से अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। परिवार अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर के बाहर भारी तनाव में है, लेकिन ऐसे वक्त में भी उनके अपने रिश्तेदार घटिया राजनीति करने में लगे हुए हैं।
पांच साल का चुपचाप दर्द हमजा ने बताया कि वे बीते पांच सालों से परिवार के भीतर हो रहे अन्याय और प्रताड़ना को चुपचाप सह रहे थे। उन्होंने कहा कि पिता और बहन की इज्जत और सम्मान की खातिर उन्होंने आज तक मीडिया या सार्वजनिक मंच पर कुछ नहीं बोला। लेकिन अब पानी सिर से ऊपर जा चुका है, इसलिए उन्हें सामने आकर सच्चाई बतानी पड़ रही है। हमजा ने आरोप लगाया कि उनकी बहन के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई, गालियां दी गईं और उसे बच्चे के साथ जबरन घर से बाहर निकाल दिया गया।
राजनीतिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप हमजा नोमान ने कहा कि उनकी बहन को जिस तरह प्रताड़ित किया गया, वह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि जिस तरह समाज में दहेज के लिए बेटियों को सताया जाता है, ठीक उसी तरह उनकी बहन को केवल राजनीति और चुनाव टिकट के विवाद के चलते प्रताड़ित किया गया। हमजा ने कहा कि उनकी बहन के एक साल के मासूम बच्चे के लिए रिश्तेदारों ने आज तक डायपर तक के पैसे नहीं दिए। उन्होंने साफ कहा कि वे अपनी बहन और भांजे की पूरी जिम्मेदारी उठाएंगे और बहन के सम्मान के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे।
राजनीतिक विरोधियों ने पूछा हाल हमजा ने रिश्तेदारों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पिता की बीमारी की खबर सुनकर राजनीतिक विरोधी खेमे के लोगों ने फोन करके हालचाल जाना। चौधरी परिवार और फजुर रहमान जैसे नेताओं ने संवेदनाएं व्यक्त कीं। लेकिन दुख की बात यह है कि उनके सगे रिश्तेदार ही उनके पिता के खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रचने में व्यस्त हैं। हमजा ने दावा किया कि उनके पास घर के अंदर हुई बैठकों की ऐसी रिकॉर्डिंग है, जिसमें इमरान मसूद और उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची जा रही है।
Samajwadi Party के रुख पर निशाना हमजा नोमान ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव का नाम लेते हुए सीधे सवाल दागे। उन्होंने कहा कि जो पार्टी महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का नारा देती है, उसने उनकी बहन के साथ अत्याचार करने वाले व्यक्ति को पार्टी में शामिल कर लिया। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद की विरासत और राजनीति से किसी का विरोध हो सकता है, लेकिन किसी बेटी के साथ हुई प्रताड़ना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि हाल ही में शायान मसूद ने सपा जॉइन करके इमरान मसूद पर भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था।
सहारनपुर की जनता से अपील भावुक वीडियो संदेश के आखिरी में हमजा ने कहा कि उनका परिवार इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। पिता अस्पताल में हैं और बहन-भांजा परेशान हैं, लेकिन वे अल्लाह पर भरोसा रखकर सब्र बनाए हुए हैं। उन्होंने सहारनपुर की जनता से अपील करते हुए कहा कि अब इस पूरे मामले का फैसला जनता को ही करना है। हमजा ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि रिश्तेदारों का यही रवैया रहा, तो वे बहन के साथ हुए दुर्व्यवहार और साजिशों की तमाम ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक करने से पीछे नहीं हटेंगे।















































