बहराइच तक महज 15 रुपये किराया, यात्रियों में दिखा उत्साह; स्थानीय लोगों ने लोको पायलटों पर पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र रुपईडीहा के नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से मंगलवार, 1 सितंबर को नियमित रेल सेवा का संचालन शुरू हो गया। सुबह 8:20 बजे गोंडा के लिए ट्रेन रवाना हुई। पहले दिन 87 टिकटों पर कुल 201 यात्रियों ने नानपारा और बहराइच होते हुए गोंडा तक यात्रा की।
नियमित रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बहराइच तक महज 15 रुपये किराया होने पर यात्रियों ने खुशी जताई। यात्रियों ने कहा कि भारत सरकार की ओर से शुरू की गई इस रेल सेवा से कम किराए में सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा। ट्रेन के रवाना होने के दौरान यात्रियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष भी किए।
ट्रेन का संचालन मुख्य लोको पायलट राजीव पांडेय, लोको पायलट शशि कुमार श्रीवास्तव तथा सहायक लोको पायलट वंदना कुमारी ने किया। लोको पायलटों ने बताया कि नियमित सेवा के पहले दिन यात्रियों में काफी उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य एवं वर्तमान नामित सभासद रतन कुमार अग्रवाल ने समाजसेवा के तहत ट्रेन, लोको पायलटों और यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने नियमित रेल सेवा शुरू होने पर यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के जिला उपाध्यक्ष शेर सिंह कसौधन, जिला संरक्षक केसरी प्रसाद सोनी उर्फ गज्जू भैया, नगर सचिव राजीव अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, पत्रकार संजय, रामजी सोनी सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।









































