युवक ने थाना प्रभारी रूपईडीहा पर लगाए प्रताड़ना व फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप, पुलिस ने षड्यंत्र की आशंका जताई

अब्दुल कादिर खान /इरशाद हुसैन
रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा कस्बे में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्टेट बैंक के पीछे लगे एक मोबाइल टावर पर एक युवक चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया गया।बताया जाता है कि करीब सात घंटे तक पुलिस और स्थानीय लोगों की मशक्कत के बाद क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने टावर पर चढ़े युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। क्षेत्राधिकारी के समझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान रुपईडीहा के साकेत नगर निवासी चंदन पटेल के रूप में हुई है। युवक के नीचे उतरने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उसने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी द्वारा उसे कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने तथा जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। युवक का यह भी आरोप है कि उसे अवैध कार्य करने के लिए उकसाया जा रहा था और ऐसा नहीं करने पर फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई।युवक ने बताया कि कथित दबाव और प्रताड़ना के चलते वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था, जिसके बाद उसने टावर पर चढ़ने जैसा कदम उठाया।वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी ने युवक के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कुछ स्थानीय लोगों द्वारा युवक को मोहरा बनाकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार के षड्यंत्र में कोई व्यक्ति शामिल पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल युवक के टावर पर चढ़ने के मामले को लेकर कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।








































