अब्दुल कादिर खान /इरशाद हुसैन

रूपईडीहा बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक नेपाली महिला तस्कर को 1.290 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। महिला के कब्जे से एक एंड्राइड मोबाइल फोन तथा भारतीय और नेपाली मुद्रा भी बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा हरेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में छह अक्तूबर को रूपईडीहा चेक पोस्ट पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान एक नेपाली महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.290 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। पूछताछ में महिला की पहचान मनिषा बूढ़ा थोकी पत्नी धर्मजीत विश्वकर्मा, उम्र 38 वर्ष, निवासी पुथा उत्तरगंगा गुनमा-4, जिला रुकुम, नेपाल के रूप में हुई।पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध थाना रूपईडीहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय बहराइच के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए रवाना कर दिया गया।पुलिस के मुताबिक बरामदगी में 1.290 किलो अफीम के अलावा एक एंड्राइड इंफीनिक्स मोबाइल फोन, 220 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 420 रुपये नेपाली मुद्रा शामिल है। कार्रवाई करने वाली टीम में रूपईडीहा थाने के उपनिरीक्षक रमेश यादव, कांस्टेबल दीपचन्द यादव व विकास प्रजापति तथा एसएसबी के निरीक्षक अभिषेक कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल सचिन कुमार, महिला कांस्टेबल गगना, महिला कांस्टेबल अनितु और डॉग हैंडलर कांस्टेबल प्रवीण कुमार शामिल रहे।









































