
बलहा, बहराइच। विकास खंड बलहा के ग्राम पंचायत ताजपुर के पंचायत भवन में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता ग्राम पंचायत अधिकारी श्रीमती अनुराधा गौड़ ने की।
ग्राम चौपाल कार्यक्रम खंड विकास अधिकारी बलहा आलोक कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित हुआ। चौपाल में गांव की समस्या गांव में ही समाधान के उद्देश्य से शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई।बैठक को संबोधित करते हुए कहा गया कि शासन की योजनाएं धरातल पर पहुंचाई जाएं, जिससे ग्रामीणों को उनका पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके।
स्वयं सहायता समूह द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ महिलाओं को सरकार द्वारा दिया जा रहा है। महिलाएं जागरूक होकर अपना भविष्य स्वयं संवार रही हैं। समूह से जुड़कर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि गांव के विकास में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।ग्राम पंचायत अधिकारी श्रीमती अनुराधा गौड़ ने बताया कि शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए सरकार ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक गांव का हर व्यक्ति योजना के बारे में नहीं जानेगा, तब तक उसका लाभ अधूरा रहेगा।ग्राम पंचायत सचिव ने बैठक में राशन कार्ड, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर नकल, मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्र, कृषि बीज, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, कृषि बीज पर सब्सिडी तथा सिंचाई के संसाधनों जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में भी पूर्ण जानकारी दी गई।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में समूह बनाकर लोगों को जोड़ें और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का संपूर्ण लाभ प्राप्त करें। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके मौके पर ही समाधान का आश्वासन दिया गया।इस मौके पर ग्राम प्रधान आशा देवी ग्राम पंचायत के बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं मौजूद रहे। चौपाल के दौरान गांव में साफ-सफाई, पेंशन, आवास, शौचालय, पेयजल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की चौपाल से उन्हें योजनाओं की सही जानकारी घर बैठे मिल जाती है।अंत में सभी ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ने और गांव के विकास में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।














































