अब्दुल कादिर खान/ इरशाद हुसैन

बहराइच। दिन में काम नहीं, रात में हाजिरी! बहराइच जिले में मनरेगा को लेकर ऐसा सनसनीखेज आरोप सामने आया है, जिसने पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा बहराइच ने प्रमुख सचिव (ग्राम्य विकास) उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ को पत्र लिखकर खुलासा किया है कि जिले के कई विकास खंडों में “क्लोन ऐप से फर्जी हाजिरी” भरी जा रही है। संघ का कहना है, रात 7 बजे के बाद जब मजदूर घर जा चुके होते हैं, तब मोबाइल पर उनकी हाजिरी लगा दी जाती है।
इन गांवों के नाम पत्र में हैं
पत्र के अनुसार मिहींपुरवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत भगवानपुर कुंभिया-55 श्रमिक, हसुलिया-51, मजगवां-66, मनकोदिया-74, मैटीकला-111, परगहवा-59, रामपुरवा-56, लोहनी-68, मझावा-50, नवाबगंज ब्लॉक के जमुनहा नौबरत्न-74, रामनगर सैमरा-87, रामपुर मुन्ना पाठक-90, शिवपुर ब्लॉक के सैयदनगर-102, पाथरकला-49 और बलहा ब्लॉक के बेजरिया-56, तुलसीपुर-131 की हाजिरी फर्जी क्लोन ऐप से भरी जा रही है।
क्या है पूरा खेल?
संघ का आरोप है कि इस फर्जी हाजिरी के जरिए ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। काम जमीन पर होता नहीं, लेकिन कागजों में मजदूरों की हाजिरी पूरी दिखा दी जाती है। इससे सरकार की योजना बदनाम हो रही है और ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितता हो रही है।
सबसे बड़ा सवाल यही है, जब मजदूर खेत-खलिहान में नहीं था, तो उसकी हाजिरी किसने और क्यों लगाई? और इस हाजिरी का पैसा किसकी जेब में गया?
रोजगार सेवक संघ ने की जांच की मांग
मोर्चा के जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा, जिला प्रभारी विद्याधर बाजपेयी और जिला महामंत्री दीपक सिंह सेंगर ने पत्र में मांग की है कि इस पूरे प्रकरण पर गंभीरता से विचार करते हुए क्लोन ऐप से भरी हाजिरी की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।
संघ ने साफ कहा है, अगर जांच हुई तो कई ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितता नहीं होगी, बल्कि बड़ा घोटाला सामने आएगा।
अब सबकी नजर प्रमुख सचिव के आदेश पर टिकी है। जांच होती है तो कई बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।









































