बॉलीवुड के 62 वर्षीय दिग्गज अभिनेता गोविंदा हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म ‘रूपा’ की सह-कलाकार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किए गए। काफी दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं कि गोविंदा एक्ट्रेस के साथ रिलेशनशिप में हैं। ये दावे किसी और ने नहीं बल्कि उनकी पत्नी सुनीता ने ही सार्वजनिक रूप से किए हैं। एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के इन आरोपों के बीच जब पैपराजी ने सुनीता से सवाल किया, तो उन्होंने बेहद सख्त और रहस्यमयी लहजे में जवाब दिया।
सुनीता आहूजा ने पैपराजी के सवालों पर दिया तीखा जवाब: अपने पति पर चल रहे एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों के बीच जब पैपराजी ने सुनीता से एयरपोर्ट की तस्वीरों और वीडियो के बारे में सवाल पूछा, तो उनका गुस्सा साफ दिखाई दिया। सुनीता ने बेहद सख्त और स्पष्ट लहजे में जवाब देते हुए अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कर दिया कि अब वह गोविंदा से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब देने में कोई दिलचस्पी नहीं रखती हैं। उन्होंने इस पूरे विवादित मामले को अब अभिनेता के प्रशंसकों और मीडिया के पाले में डाल दिया है।
‘विनाश काले विपरीत बुद्धि’ कहकर सुनीता ने साधा निशाना: ‘बड़े मियां छोटे मियां’ फेम अभिनेता की हालिया एयरपोर्ट तस्वीरों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सुनीता ने कहा, ‘यह कहावत सुना है कभी, विनाश काले विपरीत बूढ़ी, कि बूढ़ी भ्रष्ट हो गई है इसलिए यह सब करता है वो, क्या बोलूं अभी।’ इसके अलावा जब उनसे गोविंदा को सोशल मीडिया पर ‘चीटर नंबर वन’ कहे जाने और ट्रोल किए जाने पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह सवाल अब मुझे गोविंदा के प्रशंसकों से पूछना है कि जब मैं बोल रही हूं कोई चीज तो सब मुझे ट्रोल करते हैं।
फैंस और मीडिया से जवाब मांगने की कही बात: सुनीता ने आगे कहा कि अब मैं चाहती हूं कि गोविंदा के फैंस और मीडिया अब इस बात का जवाब दे, मुझसे मत पूछो, मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस विषय पर अब और अधिक बोलना नहीं चाहती हैं। सुनीता की यह तीखी प्रतिक्रिया गोविंदा के उस हालिया बयान के तुरंत बाद आई है जिसने इंटरनेट पर काफी चर्चा बटोर ली थी। एक साक्षात्कार में अभिनेता ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए खुद को बेहद मासूम बताया था।
मासूमियत वाले बयान से फिर गरमाया विवादित माहौल: साक्षात्कार में अभिनेता गोविंदा ने कहा था कि वह 34 साल की उम्र तक बेहद मासूम थे और अपने युवावस्था के सीधेपन को याद कर उन्हें आज भी झिझक महसूस होती है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए गोविंदा ने एक विवादित टिप्पणी भी की थी, जिसमें उन्होंने कहा कि आप मिठाई की दुकान में रह कर आप भूखे निकले तो क्या दुख है। अभिनेता के इस विवादित बयान और सुनीता की प्रतिक्रिया के बाद दोनों के बीच दूरियां और ज्यादा चर्चा का विषय बन गई हैं।
फिल्म ‘रूपा’ से वापसी की तैयारी में जुटे गोविंदा: व्यावसायिक मोर्चे पर गोविंदा अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी फिल्म ‘रूपा’ के प्रमोशन में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। इस फिल्म में उनके साथ नई अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। हालिया विवादों और सुनीता के तीखे बयानों के बीच दोनों कलाकारों को एक साथ मुंबई एयरपोर्ट पर देखे जाने से मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार एक बार फिर बेहद गर्म हो गया है। फिल्म के प्रमोशन के साथ-साथ यह विवाद भी सुर्खियों में बना हुआ है।


























































