ग्रहों की चाल खगोलविदों के लिए एक और रोमांचक पल सामने लाने वाली है. दिवाली के अगले दिन ही हम सूर्य ग्रहण के साक्षी बने थे. अब महज 15 दिन बाद पूर्णिमा के दिन हम चंद्र ग्रहण के गवाह बनने के लिए तैयार हैं.
8 नवंबर को चंद्र ग्रहण लगने वाला है. लखनऊ के ज्योतिषाचार्य प. उमाशंकर मिश्र का कहना है कि साल 2022 का दूसरा चंद्रग्रहण 8 नवंबर IST 2.39 बजे से शुरू होकर शाम 6.19 बजे तक अलग-अलग जगहों पर रहेगा. इस दौरान कोई भी शुभ कार्य नहीं किया जाना चाहिए.
चंद्र ग्रहण 2022 सूतक काल
ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक चंद्र ग्रहण भारत के कुछ ही हिस्सों में दिखाई देगा. हालांकि देश के कुछ हिस्सों में चंद्र ग्रहण दिखाई देने से यहां चंद्रग्रहण का सूतक काल रहेगा. इनके मुताबिक चंद्र ग्रहण का सूतक काल 12 घंटे पहले लग जाता है, और चंद्र ग्रहण की समाप्ति पर यह खत्म होगा.
यहां दिखाई देगा चंद्र ग्रहण 2022
साल 2022 का आखिरी चंद्र ग्रहण भारत के कुछ हिस्सों, दक्षिण एशियाई द्वीपों, दक्षिण पूर्वी यूरोप, उत्तरी-दक्षिणी अमेरिका, पैसेफिक अटलांटिक और हिंद महासागर के क्षेत्र में दिखाई देगा.
यह पूर्ण चंद्र ग्रहण है, लेकिन भारत के पूर्वी हिस्सों में ही पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखेगा, बाकी जगहों पर आंशिक चंद्र ग्रहण ही दिखेगा. कोलकाता, पटना, अगरतला, सिलीगुड़ी, रांची और गुवाहाटी में पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई देगा. यहां कोलकाता से पहले पूर्ण चंद्र ग्रहण देखा जा सकेगा.



































