आगरा के आवासीय स्वरूप को आधुनिक बनाने की दिशा में योगी सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आगरा में ‘ग्रेटर आगरा’ परियोजना की आधारशिला रखेंगे। रायपुर और रहन कलां ग्राम की भूमि पर विकसित होने वाली इस योजना के तहत 10 अत्याधुनिक आवासीय टाउनशिप बसाई जाएंगी। 5142 करोड़ रुपये की इस योजना में विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, चौड़ी सड़कें और निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री का दौरा शाम 4:30 बजे भूमि पूजन के साथ शुरू होगा, जिसके बाद वह करोड़ों रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं की भी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि टाउनशिप का मॉडल भविष्य के आगरा की झलक पेश करेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री वृंदावन में एक धार्मिक उत्सव में भाग लेंगे। आगरा में जनसभा और शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न करने के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:25 बजे प्रस्थान करेंगे। एडीए अधिकारियों के अनुसार, यह टाउनशिप शहरी विस्तारीकरण की दिशा में उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है।



































