रोजाना परफ्यूम लगाना बहुत से लोगों की आदत होती है और ज्यादातर लोग इसे गर्दन पर स्प्रे करते हैं। लेकिन कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी की रिसर्च स्टूडेंट एना कैनादास (Ana Cañadas) के अनुसार, गर्दन पर परफ्यूम छिड़कना गंभीर बीमारियों को न्योता दे सकता है।
क्यों खतरनाक है परफ्यूम का केमिकल?
परफ्यूम में थैलेट्स (Phthalates), फॉर्मेल्डिहाइड और वाष्पशील कार्बनिक यौगिक (VOCs) जैसे हानिकारक केमिकल्स होते हैं। ये रसायन एंडोक्राइन डिसरप्टर (Endocrine Disruptors) का काम करते हैं, जो शरीर के हार्मोनल सिस्टम को बिगाड़ सकते हैं।
रिसर्च के मुताबिक इनके लगातार इस्तेमाल से:
- बांझपन (Infertility) की समस्या हो सकती है।
- सांस से संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।
- गंभीर मामलों में कैंसर का जोखिम भी बढ़ सकता है।
गर्दन पर परफ्यूम छिड़कने के 2 बड़े नुकसान
- केमिकल का सीधा ब्लड में पहुंचना:गर्दन की त्वचा बेहद पतली होती है और यहाँ ब्लड फ्लो काफी तेज़ होता है। ऐसे में परफ्यूम के केमिकल्स त्वचा से जल्दी अवशोषित होकर सीधे खून में घुल जाते हैं।
- फेफड़ों को नुकसान:जब गर्दन पर स्प्रे किया जाता है, तो इसके महीन कण (एरोसोल) सांस के जरिए फेफड़ों में चले जाते हैं, जो फेफड़ों और श्वसन तंत्र को नुकसान पहुंचाते हैं।
परफ्यूम का सही इस्तेमाल कैसे करें?
- सीधे त्वचा या गर्दन पर केमिकल युक्त परफ्यूम स्प्रे करने से बचें।
- परफ्यूम को त्वचा की जगह कपड़ों पर हल्की दूरी से छिड़कें।
- बिना अल्कोहल और हानिकारक रसायनों वाले प्राकृतिक प्रोडक्ट्स को ही प्राथमिकता दें।


























































