बहराइच। महिला महाविद्यालय, बहराइच, मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर से संबद्ध राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत छात्राओं से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय “एक सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त कल की ओर” रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती चारु चौधरी, उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर प्राप्त), उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण का आधार शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा भेदभाव की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि उचित माध्यम से अपनी आवाज उठाएं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन की जानकारी भी दी। मा. उपाध्यक्ष श्रीमती चौधरी ने कहा कि आज का भारत बदलता भारत है महिलाएं एक मजबूत कड़ी है आप में शक्ति बहुत है उन्होनें कहा कि महिलाएं मल्टी टास्किंग होती है उनके अन्दर कुक, टीचर, माता, पैरेन्टस, बहन, पत्नी इत्यादि के लिए अपनी पहचान बना सकती है।
संवाद के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक चुनौतियों से संबंधित प्रश्न एवं विचार साझा किए। मुख्य अतिथि ने छात्राओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन सुरक्षित, सम्मानित एवं सशक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।








































