लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। कल्याण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कल्याण सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए एक के बाद एक लगातार तीन ट्वीट किए। बता दें कि, 5 जनवरी 1932 को यूपी के अतरौली में कल्याण सिंह का जन्म हुआ था।
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा ‘मैं अपने दुख को शब्दों में जाहिर नहीं कर सकता। कल्याण सिंह जी…राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है। मैंने उनके पुत्र श्री राजवीर सिंह से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम् शांति।’ अपने दूसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने काह कल्याण सिंह जी ने समाज के वंचित तबके के करोड़ों लोगों को आवाज दी। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कई प्रयास किए। भारत के सांस्कृतिक उत्थान में उनके योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा कल्याण सिंह जी की आभारी रहेंगी। भारतीय मूल्यों में उनका दृढ़ विश्वास था और वह हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व करते थे।





































