जिले में तैनात 13 निरीक्षकों का दूसरे जिलों में स्थानांतरण होने के बाद सोमवार को उन्हें विदाई दी गई। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सभी निरीक्षकों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक निरीक्षक को उपहार स्वरूप गंगाजल भेंट किया।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के तहत इन निरीक्षकों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तैनाती दी गई है। कार्यमुक्त होने से पहले आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी समेत जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना की। साथ ही नई तैनाती पर भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से काम करने की अपेक्षा जताई। गंगाजल लेकर सभी निरीक्षक अपने नए कार्यक्षेत्र के लिए रवाना हुए।
स्थानांतरित होने वालों में राम किशोर सकलानी और गोविंद कुमार को रुद्रप्रयाग, नरेंद्र सिंह बिष्ट को चमोली, मनीष उपाध्याय और प्रदीप बिष्ट को टिहरी भेजा गया है। वहीं मनोहर सिंह, शांति कुमार, कमल मोहन सिंह, वीरेंद्र चंद्र रमोला और कुंदन सिंह राणा को देहरादून में नई तैनाती मिली है। इसके अलावा दिग्पाल कोहली, देवेंद्र सिंह रावत और जहांगीर अली को उत्तरकाशी भेजा गया है।
विदाई कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थानांतरित निरीक्षकों के साथ बिताए कार्यकाल को याद किया और उनके आगामी दायित्वों के सफल निर्वहन की कामना की।














































